दुनिया का इकलौता तैरता हुआ नेशनल पार्क: जहां जमीन नहीं, ‘फुुमडी’ पर चलते हैं हिरण!
भारत के मणिपुर राज्य में एक ऐसा अनोखा राष्ट्रीय उद्यान है जो पानी पर तैरता है। जी हां, केबुल लामजाओ नेशनल पार्क (Keibul Lamjao National Park) दुनिया का एकमात्र फ्लोटिंग नेशनल पार्क है। यह मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में स्थित है और करीब 40 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। यह पार्क लोकटक झील पर बसा है, जो पूर्वोत्तर भारत की सबसे बड़ी मीठे पानी की झील मानी जाती है।
फुुमडी क्या है और यह कैसे बनती है
केबुल लामजाओ की सबसे बड़ी खासियत इसकी ‘फुुमडी’ है। फुुमडी वनस्पति, मिट्टी और जैविक पदार्थों का एक तैरता हुआ मिश्रण है जो झील की सतह पर तैरता रहता है। यही फुुमडी इस पूरे इलाके को एक तैरता हुआ इकोसिस्टम बनाती है, जो दुनिया में और कहीं नहीं मिलता। ये तैरते हुए द्वीप कई तरह के पेड़-पौधों और जीवों के लिए घर का काम करते हैं।
संगाई हिरण का आखिरी घर
यह पार्क लुप्तप्राय संगाई हिरण (Cervus eldi eldi) का आखिरी प्राकृतिक निवास स्थान है। संगाई को Dancing Deer यानी नाचता हुआ हिरण भी कहा जाता है, क्योंकि यह फुुमडी पर बहुत नाज़ुक चाल में चलता है। संगाई मणिपुर का राज्य पशु भी है और स्थानीय लोगों के लिए सांस्कृतिक रूप से बेहद अहम माना जाता है।
जैव विविधता और प्राकृतिक सुंदरता
केबुल लामजाओ नेशनल पार्क में हॉग हिरण, ऊदबिलाव, प्रवासी पक्षी और कई जलीय जीव पाये जाते हैं। यहां का नजारा झील, जंगल और पहाड़ियों के मेल से एक जादुई दृश्य बनाता है। यह जगह नेचर फोटोग्राफरों और वन्यजीव प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है।
संरक्षण के लिए उठाए गए कदम
संगाई हिरण की रक्षा के लिए इस क्षेत्र को 1966 में वन्यजीव अभयारण्य घोषित किया गया था और बाद में 1977 में इसे नेशनल पार्क का दर्जा मिला। यह अब केबुल लामजाओ संरक्षण क्षेत्र का हिस्सा है। इस पार्क को यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों की संभावित सूची में भी शामिल किया गया है।
सरकार और स्थानीय संगठनों द्वारा यहां सस्टेनेबल टूरिज्म को बढ़ावा देने, जैव विविधता की निगरानी करने और हिरणों के आवास को संरक्षित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यहां क्यों जाएं
अगर आप प्रकृति और अनोखी जगहों के शौकीन हैं, तो केबुल लामजाओ आपके लिए परफेक्ट जगह है। यह सिर्फ एक पार्क नहीं, बल्कि एक ऐसा चमत्कार है जहां धरती पानी पर तैरती है और हिरण भी उसी पर दौड़ते हैं।

